नवादा : जिले की बिहार-झारखंड सीमा पर गोविंदपुर थाना क्षेत्र के बीच बाजार दुर्गा मंदिर के पास पुलिस ने दो शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल जब्त कर ली। जानकारी के अनुसार, थाने के एएसआइ उमेश प्रसाद दिवा गश्ती पर थे।
इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि झारखंड की ओर से तेज रफ्तार मोटरसाइकिल पर शराब की खेप लायी जा रही है। इसके बाद पुलिस टीम दुर्गा मंदिर के समीप पहुंची और बाजार की ओर आ रही बाइक को रोककर तलाशी ली। इस दौरान बाइक पर रखे बैग से 48 बोतल कैन बियर बरामद की। इसकी कुल मात्रा 24 लीटर बतायी गयी है। पुलिस ने बाइक समेत दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार युवकों की पहचान नालंदा जिला के सोहसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत सुख गांव निवासी रामबदन सिंह के पुत्र शशिकांत कुमार व सत्येंद्र सिंह के पुत्र शिवम कुमार के रूप में की गयी है। थानाध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि जांच के दौरान बाइक से बियर बरामद हुई। पुलिस ने शराब, मोटरसाइकिल और दोनों युवकों को जब्त कर थाना लाया। दोनों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य जांच करा न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
भईया जी की रिपोर्ट