नवादा : जिले के रजौली अनुमंडलीय अस्पताल परिसर स्थित एएनएम ट्रेनिंग स्कूल में उस वक्त प्रेम प्रसंग के हाई-वोल्टेज ड्रामे का केंद्र बन गया, जब एक युवक ने सरेआम एक छात्रा की मांग में सिंदूर भर दिया। अचानक हुई घटना से परिसर में मौजूद अन्य छात्राओं और कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया। जैसे ही आसपास के लोगों ने शोर मचाया, युवक भीड़ का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहा। घटना की सूचना तत्काल पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 को दी गई।
युवक की गिरफ्तारी या पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई को लेकर अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए ट्रेनिंग स्कूल की प्राध्यापिका ने तुरंत छात्रा के माता-पिता को संस्थान बुलाया। घंटों चली बंद कमरे की बातचीत के बाद छात्रा को उसके परिवार के सुपुर्द कर घर भेज दिया गया। सरकारी अस्पताल और शैक्षणिक संस्थान जैसे सुरक्षित माने जाने वाले परिसर के भीतर हुई इस सुरक्षा चूक ने स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल घटना की चर्चा क्षेत्र में जोरों पर है।
भईया जी की रिपोर्ट