पटना : पटना ग्रामीण क्षेत्र के बाढ़-01 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) रामकृष्ण ने अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में क्षेत्र के सभी थानाध्यक्ष, पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। एसडीपीओ रामकृष्ण ने लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर देते हुए अनुसंधान में तेजी लाने का निर्देश दिया।
उन्होंने हाल में दर्ज मामलों एवं लंबे समय से लंबित कांडों की गहन समीक्षा करते हुए कहा कि अनुसंधान में तकनीकी एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का अधिकतम उपयोग किया जाए, ताकि अपराधियों को शीघ्र सजा दिलाई जा सके। उन्होंने गंभीर एवं जघन्य अपराधों के मामलों में जल्द चार्जशीट दाखिल करने तथा निष्पक्ष और गहन अनुसंधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, जिससे आम लोगों को समय पर न्याय मिल सके।
अपराध नियंत्रण को लेकर एसडीपीओ ने अधिकारियों को क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी। उन्होंने नियमित वाहन जांच अभियान और रात्रि गश्ती को और अधिक सघन बनाने पर बल दिया। साथ ही फरार एवं वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया। एसडीपीओ ने अवैध हथियार, शराब एवं मादक पदार्थों की बरामदगी के लिए विशेष छापेमारी अभियान चलाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक आधारित पुलिसिंग और फील्ड में सक्रियता ही अपराध दर को कम करने का प्रभावी माध्यम है। इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट