नवादा : डीआरडीए सभागार, नवादा में उप विकास आयुक्त श्रीमती नीलिमा साहू की अध्यक्षता में जल शक्ति अभियान अंतर्गत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित जल संरक्षण एवं जल संचयन से संबंधित योजनाओं एवं कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान “जल संचय जन भागीदारी पोर्टल” पर विभिन्न विभागों द्वारा किए गए कार्यों की प्रविष्टि की समीक्षा की। उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि जल संरक्षण से संबंधित कराए गए कार्यों की प्रविष्टि एक सप्ताह के अंदर अनिवार्य रूप से पोर्टल पर सुनिश्चित करें।
समीक्षा के क्रम में आहर, तालाब, पइन, सोख्ता गड्ढा, कुआँ एवं अन्य जल संरचनाओं के जीर्णोद्धार कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्य प्राप्त करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है तथा सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अभियान के लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करें।
बैठक में पाया गया कि कुछ विभागों द्वारा निर्धारित लक्ष्य अभी तक पूर्ण नहीं किए गए हैं। इस पर संबंधित विभागों को एक सप्ताह के भीतर लंबित कार्यों को पूर्ण करने का निर्देश दिया। बैठक में निदेशक, एनईपी रवि जी, जिला मिशन प्रबंधक विश्वजीत प्रसाद, जिला समन्वयक अविनाश कुमार, जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका चंदन कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट