अरवल – खगड़िया जिले के रहने वाले युवक पांडव कुमार की दिल्ली में बीते दिनों हुई निर्मम हत्या के विरोध में जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जिला अध्यक्ष मनोज कुमार के नेतृत्व में अरवल थाना से प्रारंभ होकर ब्लॉक के पास स्थित अम्बेडकर मूर्ति तक कैंडल मार्च निकाल कर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। इस दौरान जिला अध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि इस मार्च का उद्देश्य पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग को मजबूत करना तथा समाज में शांति और एकजुटता का संदेश देना है।
वहीं, जिला महामंत्री नरेश शर्मा ने कहा कि जब तक जन सुराज पार्टी है तब तक किसी भी बिहारी के साथ अन्याय नहीं होने देंगे। यह सिर्फ एक पांडव कुमार की हत्या नहीं है, बिहार के एक-एक नौजवान की ये हत्या है। बिहार की अस्मिता की हत्या है। उन्होंने कहा कि पांडव कुमार के परिवार को जब तक दिल्ली सरकार 1 करोड़ रुपए और सरकारी नौकरी नहीं दे देती और आरोपी को फांसी नहीं हो जाती है तब तक जन सुराज के कार्यकर्ता अपनी आवाज उठाते रहेंगे। आज बिहार के लोग पूरे देश में मजदूरी कर रहे हैं, इसके लिए बिहार के नेता जिम्मेदार हैं।
वहीं, जिले की महिला मुख्य प्रवक्ता अलकनंदा ने कहा कि बिहारियों पर अत्याचार हो रहा है, पांडव कुमार की मौत काफी दुखद है, उसे हर हाल में न्याय मिलना चाहिए। सत्ता में बैठे लोग बिहारियों की आवाज नहीं दबा पाएंगे। जन सुराज जनता के साथ सड़क पर खड़ा है, आपसे प्रश्न भी पूछेगा और घेरेगा।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट