नवादा : जिले के काशीचक थाना अंतर्गत बिरनावा गांव में शराब माफिया के विरुद्ध छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर भारी पथराव किया। हमले में तीन सब-इंस्पेक्टर सहित छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिलाओं सहित 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बिरनावा गांव में जब पुलिस अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुँची, तो उन पर जमकर पत्थर बरसाए गए।काशीचक थाना क्षेत्र के बिरनावा गांव में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वहां बड़े पैमाने पर अवैध शराब बनाई जा रही है।
जानकारी पर काशीचक थानाध्यक्ष गौतम कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव पहुँची। पुलिस जैसे ही शराब भठ्ठियों के पास पहुँची, शराब माफिया और उनके समर्थकों ने छतों पर चढ़कर अचानक पुलिस टीम पर पत्थरों से हमला कर दिया। पुलिसकर्मियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और चारों तरफ से पत्थर बरसने लगे। हिंसक पथराव में पुलिस टीम के 6 सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में तीन सब-इंस्पेक्टर (एसआई) दीप सिन्हा, कुणाल कुमार और बालेश्वर दास शामिल हैं। इनके अलावा दो सिपाही और एक चौकीदार को भी चोटें आई हैं। घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
हमले के बावजूद पुलिस पीछे नहीं हटी और थाना प्रभारी गौतम कुमार की देखरेख में जवाबी कार्रवाई की गई। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए लोगों में पुरुष और महिलाएं दोनों शामिल हैं, जिनमें टोटो मांझी, बिजली मांझी, प्रमोद मांझी और शीला देवी जैसे नाम प्रमुख हैं। गिरफ्तार किए गए लोगों में एक नाबालिग भी शामिल है, जिसे कानून के अनुसार न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी लोग पहले भी शराब तस्करी के मामले में जेल जा चुके हैं।
भईया जी की रिपोर्ट