नवादा : जिले के बस पड़ावों पर जबरन वसूली का गंभीर मामला सामने आया है। नगर क्षेत्र के बस पड़ाव संख्या 3 पर अवैध उगाही के आरोपों ने परिवहन व्यवसायियों के बीच भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। इस बावत बस मालिकों ने नगर थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोलकाता के कैनल ईस्ट रोड निवासी बस मालिक जितेंद्र प्रसाद ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उनकी तीन बसें कौवाकोल से कोलकाता तक नियमित रूप से संचालित होती हैं। ये बसें नवादा बस पड़ाव संख्या 3 से बिना रुके गुजरती हैं, बावजूद बस पड़ाव के संचालक और उनके सहयोगियों द्वारा जबरन अवैध वसूली की जा रही है।
बस मालिक का कहना है कि प्रत्येक बस से प्रतिदिन ₹300 की राशि बिना किसी रसीद के वसूली जाती है, जो पूरी तरह गैरकानूनी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि इस तरह की वसूली लंबे समय से जारी है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। अवैध वसूली का मामला सामने आने के बाद अन्य बस संचालकों में भी नाराजगी देखी जा रही है। परिवहन व्यवसायियों का कहना है कि यदि जल्द ही अवैध वसूली पर रोक नहीं लगाई गई, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
उनका यह भी कहना है कि बस पड़ावों पर इस तरह की गतिविधियां प्रशासन की छवि को धूमिल करती हैं। फिलहाल, पुलिस ने प्राप्त शिकायत की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। यह मामला एक बार फिर से यह सवाल खड़ा करता है कि क्या सार्वजनिक स्थलों पर इस तरह की अवैध वसूली पर प्रभावी नियंत्रण है या नहीं। स्थानीय लोग और व्यवसायी अब प्रशासन से ठोस कदम उठाने की उम्मीद कर रहे हैं, ताकि इस तरह की घटनाओं पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।