नवादा : जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश ने पर्यवेक्षण गृह एवं वृहद आश्रय गृह का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां रह रहे बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का गहनता से जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने पेयजल व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने रसोईघर का निरीक्षण करते हुए भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं पोषण मानकों का विशेष रूप से अवलोकन किया तथा निर्देश दिया कि बच्चों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। जिलाधिकारी ने परिसर की साफ-सफाई, शौचालयों की स्थिति एवं जलापूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए संबंधित कर्मियों को नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने का निर्देश दिया।
स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि लाभार्थियों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए तथा आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त तैयारी एवं संसाधन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पर्यवेक्षण गृह में उपस्थित बच्चों से संवाद स्थापित कर उनकी दिनचर्या, रहन-सहन एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। बच्चों द्वारा साझा किए गए अनुभवों को उन्होंने गंभीरता से सुना तथा आवश्यक सुधार के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया। निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने अवलोकन किया कि बच्चों को संगीत की शिक्षा प्रदान की जा रही है। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इसी क्रम में वहां रह रहे बच्चों द्वारा जिलाधिकारी को उनके द्वारा निर्मित चित्रकला (पेंटिंग) प्रदर्शित की गई, जिसकी उन्होंने सराहना की तथा बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। जिलाधिकारी द्वारा परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों के नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) का निरीक्षण किया। उन्होंने निगरानी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि सभी कैमरे सतत क्रियाशील अवस्था में रहें तथा सुरक्षा की दृष्टि से नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।इस अवसर पर दिव्यांगजन कोषांग के पदाधिकारी श्री रितेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट