अरवल : आम जनता की समस्याओं, शिकायतों और सुझावों के त्वरित समाधान के लिए अरवल जिला प्रशासन ने एक बड़ी पहल की है। जिला पदाधिकारी अमृषा बैंस एवं पुलिस अधीक्षक नवजोत सिमी की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया कि अब जिले की पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस पहल से ग्रामीणों को अब अपने छोटे-बड़े कामों और शिकायतों के लिए प्रखंड या जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
डीएम अमृषा बैंस ने निर्देशित किया कि प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर ये शिविर अनिवार्य रूप से आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, सोमवार और शुक्रवार को पूर्व से संचालित जन शिकायत निवारण कार्यक्रम भी जारी रहेंगे। डीएम ने सख्त लहजे में कहा कि राजस्व (रसीद, परिमार्जन आदि) से जुड़े लंबित मामलों का निपटारा शिविर लगने से पहले ही कर लिया जाए और शिविर स्थल पर इसकी सूची प्रदर्शित की जाए ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
प्रशासनिक योजना के अनुसार, शिविर आयोजन से कम-से-कम 30 दिन पूर्व से ही आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। प्रखंड विकास पदाधिकारियों (BDO) को निर्देश दिया गया है कि वे जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर शिविर स्थल का चयन करें और वहां पेयजल, छाया एवं बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें।
पुलिस अधीक्षक नवजोत सिमी ने सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में आने वाले नागरिकों के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार करें। उन्होंने कहा कि जो समस्याएं पुलिस स्तर की हैं, उनका तुरंत समाधान करें और यदि मामला किसी अन्य विभाग का है, तो आवेदक को लिखित रूप में सही जानकारी दें। बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी प्राप्त आवेदनों की ऑनलाइन निगरानी शिविर संवाद समाधान पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। इससे यह पता चल सकेगा कि किस आवेदन पर क्या कार्रवाई हुई, जिससे अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी।
सहयोग शिविरों का कार्यक्रम (मुख्य तिथियां)
19 मई को सरौती, भदासी, पिंजरावों, खड़ासीन, शेरपुर, कामता, परियारी आदि।
02 जून 2026 को वासिलपुर, परासी, मानिकपुर, निघवों, अनुआ, सोहसा, रोहाई आदि।
16 जून 2026 को अबगीला, सोनवर्षा, सचई, नदौरा, सोनभद्र, इंजोर, करपी आदि।
07 जुलाई 2026 को प्यारेचक, खभैनी, इब्राहिमपुर, खटांगी, पहलेजा, शहर तेलपा आदि।
21 जुलाई 2026 को फखरपुर, रामपुर वैना, कोदमरई, जयपुर, नरगा, किंजर आदि।
जिला प्रशासन ने जिले के सभी नागरिकों से इन शिविरों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त करने की अपील की है।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट