अरवल – भारत सरकार द्वारा आयोजित भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत प्रथम चरण “हाउस लिस्टिंग (मकान सूचीकरण)” का कार्य 02 मई, 2026 से अरवल जिले में प्रारंभ कर दिया गया है। प्रथम चरण 02 मई, 2026 से 31 मई, 2026 तक संचालित किया जाएगा। जिला पदाधिकारी, अरवल, अमृषा बैंस के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में आज जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, प्रगणकों एवं चार्ज पदाधिकारियों द्वारा विधिवत रूप से मकान सूचीकरण कार्य का शुभारंभ किया गया।
इस कार्य के अंतर्गत जिले के सभी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक मकान, परिवार एवं उससे संबंधित मूलभूत सुविधाओं का विस्तृत विवरण एकत्रित किया जाएगा। मालूम हो कि 17 अप्रैल, 2026 से 01 मई, 2026 तक स्व-गणना की प्रक्रिया संचालित की गई थी, जिसके अंतर्गत नागरिकों द्वारा घर बैठे मोबाइल अथवा लैपटॉप के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन भरी गई थी। इस प्रक्रिया के पश्चात प्राप्त एस ई आई डी को अब प्रगणकों को दिखाना अनिवार्य है, जिसके आधार पर प्रगणकों द्वारा उपलब्ध सूचनाओं का सत्यापन एवं शुद्धिकरण (वैलिडेशन) किया जाएगा।
मकान सूचीकरण के दौरान प्रगणक प्रत्येक घर पर जाकर निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से आवास की स्थिति, उपयोग, उपलब्ध सुविधाएं (जैसे पेयजल, शौचालय, विद्युत, रसोई ईंधन आदि) से संबंधित जानकारी संकलित करेंगे। यह आंकड़े भविष्य में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण, क्रियान्वयन एवं मूल्यांकन में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं प्रगणकों को निर्देशित किया है कि वे इस कार्य को पूर्ण गंभीरता, पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न कराएं तथा प्रत्येक परिवार से शुद्ध एवं सटीक जानकारी प्राप्त करना सुनिश्चित करें, ताकि जिले की वास्तविक एवं अद्यतन जनसांख्यिकीय स्थिति परिलक्षित हो सके।
जिला प्रशासन, अरवल द्वारा जिले के सभी नागरिकों से अपील की जाती है कि वे अपने क्षेत्र में आने वाले प्रगणकों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें। जिन नागरिकों ने स्व-गणना की है, वे अपना SEID प्रगणकों को अवश्य दिखाएं तथा जिन नागरिकों ने अभी तक जानकारी उपलब्ध नहीं कराई है, वे सही एवं पूर्ण जानकारी प्रदान करें। आपकी सहभागिता से ही जनगणना का यह महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक संपन्न होगा, जो राष्ट्र के विकास एवं योजनाओं के प्रभावी निर्माण में आधारशिला सिद्ध होगा।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट