दरभंगा। जिले के लहेरियासराय थाना क्षेत्र अंतर्गत भिगो मोहल्ले में शनिवार की सुबह उस वक्त कोहराम मच गया, जब एक 24 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान एपीएम थाना क्षेत्र के सिरनिया गांव निवासी मो. रहमत अली के पुत्र मो. अरमान के रूप में की गई है। परिजनों ने प्रेम प्रसंग के कारण हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही छापेमारी कर रही है।
परिजनों के अनुसार, मो. अरमान का एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। शुक्रवार की शाम वह अपनी प्रेमिका के साथ एक होटल गया था। वहां से निकलने के बाद कुछ युवकों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। नाका नंबर-6 के समीप घेरकर उसके साथ जमकर मारपीट की गई। मारपीट के दौरान अरमान ने परिजनों से ऑनलाइन 2000 रुपये मंगवाए थे, जिसके बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया।
घर न लौटने पर परिजनों ने एपीएम थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई और रात भर उसे ढूंढते रहे। मगर कहीं कोई सुराग नहीं मिला, और शनिवार की सुबह पुलिस ने परिजनों को अरमान की हत्या की सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही लहेरियासराय थाना पुलिस और FSL की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए DMCH भेज दिया है।
सदर डीएसपी-1 राजीव कुमार ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद से इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों में पुलिसिया इकबाल को लेकर आक्रोश है। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और इलाके में गश्त तेज कर दी है।