मुजफ्फरपुर : अहियापुर थाना क्षेत्र के बैरिया बस स्टैंड मार्ग पर शुक्रवार को तेज रफ्तार का जानलेवा खेल देखने को मिला। आदर्श ग्राम के समीप एक अनियंत्रित निजी बस ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उस पर सवार यात्री सड़क पर इधर-उधर जा गिरे। हादसे में ई-रिक्शा चालक विजय कुमार की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शी मो. एजाज और टिंकू ने बताया कि जीरोमाइल की ओर से आ रही निजी बस की रफ्तार काफी अधिक थी। आदर्श ग्राम के पास चालक ने संतुलन खो दिया और ई-रिक्शा को पीछे से रौंद डाला। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर सहम गए। घटनास्थल पर घायलों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय युवा मदद के लिए दौड़े और सभी को मलबे से बाहर निकाला। हादसे में घायल ई-रिक्शा चालक विजय कुमार को सिर और शरीर के अन्य अंगों पर गंभीर चोटें आई हैं।
उन्हें तुरंत जीरोमाइल स्थित आदर्श अस्पताल के आईसीयू (ICU) में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों ने उनकी हालत चिंताजनक बताई है। अन्य चार यात्रियों का इलाज शहर के विभिन्न निजी अस्पतालों में चल रहा है। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर नाराजगी जाहिर की। राकेश और ओंकार सहित अन्य ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर वाहनों की गति सीमा निर्धारित नहीं है और न ही ट्रैफिक पुलिस की तैनाती रहती है, जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं।
सूचना मिलते ही अहियापुर थाना प्रभारी रोहन कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर लिया है, हालांकि चालक भीड़ का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। थाना प्रभारी ने बताया कि बस नंबर के आधार पर मालिक और चालक की पहचान की जा रही है। परिजनों को सूचित कर दिया गया है और लिखित शिकायत मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।