– महादेव मोड़ केजीएस मैरेज हॉल की ऊपरी मंजिल पर हुआ हादसा
नवादा : जिले के रजौली एनएच-20 किनारे महादेव मोड़ के समीप केजीएस मैरेज हॉल में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गयी। घटना में हॉल की ऊपरी मंजिल पर स्थित कंट्रोल रूम में रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि आग सुबह के समय लगी जब हॉल खाली था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। अगलगी की घटना मैरेज हॉल की सबसे ऊपरी मंजिल पर बने सोलर पैनल कंट्रोल रूम में हुई।
बताया जाता है कि शॉर्ट सर्किट के कारण सबसे पहले इन्वर्टर में आग लगी, जिसने देखते ही देखते वहां रखी चार बड़ी बैटरियों और अन्य सामानों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान मैरेज हॉल का एक डिजिटल जेनरेटर शॉर्ट सर्किट की चपेट में आकर खराब हो गया। मैरेज हॉल के मालिक सुरेंद्र कुमार ने अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही सब ऑफिसर निर्भय कुमार के नेतृत्व में तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने संकीर्ण सीढ़ियों से होते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अभियान में सुरेंद्र शर्मा, मनीष कुमार, टुन्ना गुप्ता सहित दर्जनों अग्निशमन कर्मी शामिल रहे।
सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर प्रशासन सख्त
रजौली के मैरेज हॉलों में फायर सेफ्टी मानकों की अनदेखी का मामला एक बार फिर गरमा गया है। फायर ऑफिसर रवींद्र राम ने बताया कि संचालकों को कई बार अग्निसुरक्षा के मानकों का पालन करने की हिदायत दी गयी है, लेकिन मुनाफा कमाने के चक्कर में सुरक्षा को दरकिनार किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सुरक्षा मानकों को पूरा नहीं किया गया, तो संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी।
भईया जी की रिपोर्ट