अरवल -पशुपालन को बढ़ावा देने एवं पशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण हेतु सतत प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला पशुपालन पदाधिकारी, अरवल के नेतृत्व में प्रखंड कलेर अंतर्गत कमता गांव में ‘पशु बांझपन उपचार सह जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य पशुओं में बांझपन की समस्या का उपचार करना तथा पशुपालकों को जागरूक करना था, ताकि पशुधन की उत्पादकता में वृद्धि हो सके और किसानों की आय में बढ़ोतरी सुनिश्चित की जा सके। शिविर के दौरान पशु चिकित्सकों की टीम द्वारा पशुओं की निःशुल्क जांच की गई एवं बांझपन से ग्रसित पशुओं का उपचार किया गया। साथ ही पशुपालकों को संतुलित आहार, टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान, स्वच्छता एवं रोगों की रोकथाम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस के निर्देशानुसार जिला पशुपालन पदाधिकारी ने बताया कि इस प्रकार के शिविरों का आयोजन आगे भी विभिन्न प्रखंडों में किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक पशुपालक इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने सनी पशुपालकों से अपील की कि वे ऐसे शिविरों में भाग लेकर अपने पशुओं का समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराएं एवं वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाएं। जिला प्रशासन, अरवल पशुपालकों के समग्र विकास एवं पशुधन संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है तथा इस दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट