नवादा : जिले के रजौली थाना क्षेत्र अंतर्गत मनहर गांव में शादी की खुशियां उस समय चिंता में बदल गईं, जब मिठाई खाने के बाद दर्जनों बच्चे अचानक बीमार पड़ गए। घटना के बाद से गांव में अफरा-तफरी का माहौल है। गांव निवासी ओंकार सिंह के बेटे की शादी 20 तारीख को संपन्न हुई थी। शादी के बाद बची हुई मिठाई 23 तारीख को गांव के बच्चों और ग्रामीणों में बांटी गई। मिठाई खाने के कुछ ही देर बाद कई बच्चों को पेट दर्द, उल्टी और ब्लोटिंग की शिकायत होने लगी।
देखते ही देखते बच्चों की हालत बिगड़ने लगी तो परिजनों में हड़कंप मच गया। बीमार होने वालों में नीरज कुमार, पलक कुमारी, शीला देवी, अमृता कुमारी, आरोही कुमारी, रिमझिम कुमारी, आयुष कुमार, अंशिका कुमारी और ऋषिका कुमारी समेत कई बच्चे शामिल हैं। परिजन आनन-फानन में रात करीब 12 बजे सभी बच्चों को रजौली अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज शुरू किया गया।
अस्पताल में तैनात डॉक्टर सूरज कुमार ने सभी बच्चों का प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टर के अनुसार, फिलहाल सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं और उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में दहशत और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि संभवतः बासी मिठाई खाने के कारण बच्चों की तबीयत बिगड़ी। फिलहाल सभी बच्चों का इलाज जारी है और परिजन उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।
भईया जी की रिपोर्ट