नवादा : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) वाणिज्य प्रकोष्ठ, बिहार प्रदेश के तत्वावधान में आगामी 29 अप्रैल 2026 को पटना स्थित रविन्द्र भवन में आयोजित होने वाले दानवीर भामा शाह जयंती समारोह को सफल बनाने हेतु प्रदेश संयोजक जगन्नाथ गुप्ता का नवादा आगमन हुआ। इस अवसर पर आयोजित बैठक में प्रदेश सह संयोजक राजेश्वर प्रसाद राजेश, अंजनी गुप्ता, नरेश महतो, भारतीय जनता पार्टी नवादा के जिला महामंत्री अरविंद कुमार गुप्ता एवं नगर महामंत्री संजय भोजपुरी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान प्रदेश संयोजक जगन्नाथ गुप्ता ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए सभी से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में पटना पहुंचकर इस भव्य आयोजन को ऐतिहासिक बनाया जाए। उन्होंने दानवीर भामा शाह के त्याग, समर्पण एवं राष्ट्रभक्ति के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया। उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में संकल्प लिया कि नवादा से सैकड़ों की संख्या में लोग पटना पहुंचकर इस जयंती समारोह में भाग लेंगे और कार्यक्रम को सफल बनाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि भामा शाह जी का जीवन समाज सेवा और राष्ट्रहित के लिए समर्पण का अनुपम उदाहरण है, जिसे जन-जन तक पहुंचाना हम सभी का कर्तव्य है। अंत में सभी ने आयोजन की सफलता के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने एवं अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्णय लिया।
भईया जी की रिपोर्ट