बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और JDU अध्यक्ष नीतीश कुमार ने अपनी पार्टी की नई टीम घोषित कर दी है। जेडीयू की तरफ से पार्टी के 24 राष्ट्रीय पदाधिकारियों की सूची आज बुधवार को जारी की गई। खास बात यह कि JDU की इस नई पदाधिकारी सूची में नीतीश के बेटे निशांत कुमार का नाम नहीं है। इसके अनुसार पार्टी के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व सीएम नीतीश कुमार जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने रहेंगे। जबकि संजय झा को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के पद पर यथावत रखा गया है।
पार्टी द्वारा जारी सूची के मुताबिक, इस नई टीम में कई पुराने और अनुभवी नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
संगठनात्मक संतुलन पर रहा जोर
हालांकि हाल के दिनों में सियासी चर्चा में रहे नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को जदयू के भीतर फिलहाल किसी भी पद पर शामिल नहीं किया गया है। इसे नीतीश की रणनीति के एक अहम संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। जदयू की नई टीम के गठन में पार्टी ने संगठनात्मक संतुलन और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व पर ध्यान देने की कोशिश की है। पार्टी की नई सूची में राष्ट्रीय कार्यकारिणी, उपाध्यक्ष, महासचिव और सचिव स्तर पर कई नेताओं को जगह दी गई है, जिससे आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए पार्टी को मजबूती देने का स्पष्ट संदेश मिलता है। वहीं निशांत कुमार को जदयू की नई टीम से बाहर रखे जाने को लेकर राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि जेडीयू नेतृत्व फिलहाल पार्टी और परिवार की राजनीति के बीच स्पष्ट दूरी बनाए रखना चाहता है।
निशांत पर चर्चा, संजय झा यथावत
बिहार में बीते कुछ समय से निशांत कुमार की सक्रिय राजनीति में एंट्री और उनकी आगामी भविष्य की भूमिका को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन अब इस फैसले से उन अटकलों पर फिलहाल विराम लगता दिख रहा है। वहीं दूसरी तरफ जदयू में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में संजय झा की निरंतरता को पार्टी की रणनीतिक स्थिरता से जोड़कर देखा जा रहा है। संजय झा राष्ट्रीय स्तर पर जेडीयू की नीतियों और राजनीतिक समन्वय में अहम भूमिका निभाते रहे हैं। बहरहाल, जेडीयू की नई टीम के गठन से साफ है कि पार्टी ने अनुभव और निरंतरता को प्राथमिकता दी है। वहीं, निशांत कुमार को बाहर रखकर यह संकेत भी दिया गया है कि संगठन फिलहाल स्थापित नेतृत्व के सहारे ही आगे बढ़ने का रास्ता चुन रहा है। आने वाले चुनावी दौर में इस नई टीम की भूमिका अहम रहने वाली है।
नीतीश की नई टीम में किसे कौन सा पद
- नीतीश कुमार – राष्ट्रीय अध्यक्ष
- संजय कुमार झा – कार्यकारी अध्यक्ष
- चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी – उपाध्यक्ष
- डॉ. आलोक कुमार सुमन – कोषाध्यक्ष
महासचिव
- मनीष कुमार वर्मा
- आफाक अहमद खान (एमएलसी)
- श्याम रजक
- अशोक चौधरी
- रमेश सिंह कुशवाहा
- राम सेवक सिंह
- कहकशां परवीन
- कपिल हरीश्वरचंद पाटिल
- राज सिंह मान
- सुनील कुमार उर्फ इंजीनियर सुनील
- हर्षवर्धन सिंह
- मौलाना गुलाम रसूल बलियावी
प्रवक्ता
- राजीव रंजन प्रसाद
सचिव
- रविंद्र प्रसाद सिंह (एमएलसी)
- विद्या सागर निषाद
- दयानंद राय
- संजय कुमार
- मोहम्मद निसार
- रुही तागुंग
- निवेदिता कुमारी