पूर्णिया : बिहार के पूर्णिया जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। खबर के अनुसार अमौर थाना क्षेत्र अंतर्गत धुरपौली पंचायत में एक 5 वर्षीय मासूम बच्ची की निर्मम हत्या कर दी गई। रविवार की शाम जिस घर में शादी की शहनाइयां गूंज रही थीं, सोमवार की सुबह वहां से चीख-पुकार और मातम की आवाजें आने लगीं। परिजनों के अनुसार मासूम बच्ची भी अन्य बच्चों के साथ हंसी-खुशी भोज खाने के लिए घर से निकली थी। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। परिवार और ग्रामीणों ने पूरी रात गांव का कोना-कोना छान मारा, लेकिन बच्ची का कहीं कोई पता नहीं चला।
सोमवार की सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर गए, तो गांव के पास ही एक मक्के के खेत में बच्ची का क्षत-विक्षत शव मिला। शव देखते ही गांव में कोहराम मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बच्ची की हत्या किसी धारदार हथियार से गला रेतकर या प्रहार करके की गई है। शव की स्थिति को देखकर ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश है। परिजनों ने आशंका जताई है कि बच्ची के साथ किसी तरह की अनहोनी (दुष्कर्म) की गई है और पहचान छिपाने की नियत से उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। हालांकि, पुलिस अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही अमौर थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और उसे पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल से कुछ साक्ष्य जुटाए गए हैं और संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल है।