नवादा : जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश के दिशा-निर्देश पर जिले के चिह्नित हॉट स्पॉट क्षेत्रों में अक्षय तृतीया के पूर्व बाल विवाह रोकथाम हेतु जन-जागरूकता एवं हितधारकों के साथ संवेदीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान के अंतर्गत हॉट स्पॉट क्षेत्रों यथा – शोभिया मंदिर, कन्नौज बागी मंदिर आदि को सम्मिलित किया गया। सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई रीतेश कुमार के नेतृत्व में इन स्थलों पर मंदिर के पुजारियों एवं विवाह से जुड़े हितधारकों के साथ बैठक आयोजित की गई तथा बाल विवाह की कुरीति पर विस्तृत चर्चा की गई।
सभी उपस्थित पुजारियों एवं हितधारकों से बाल विवाह के विरुद्ध शपथ भी दिलाई गई। विवाह में सम्मिलित सभी हितधारकों, विशेषकर मंदिर के पुजारियों से अनुरोध किया गया कि बाल विवाह की किसी भी स्थिति में तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 अथवा वहाँ प्रतिनियुक्त कर्मियों को सूचित करें। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर जिला बाल संरक्षण इकाई, बाल कल्याण समिति एवं चाइल्ड हेल्पलाइन का संयुक्त दल गठित कर जिले के सभी हॉट स्पॉट क्षेत्रों में प्रतिनियुक्त किया गया है, ताकि बाल विवाह की घटनाओं पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
सहायक निदेशक द्वारा बताया गया कि बाल विवाह एक सामाजिक कुरीति होने के साथ-साथ गंभीर कानूनी अपराध है। बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के तहत यह संज्ञेय एवं गैर-जमानतीय अपराध है तथा बाल विवाह कराने वालों के विरुद्ध दंड का स्पष्ट प्रावधान है। उक्त कार्यक्रम में बाल संरक्षण पदाधिकारी जितेन्द्र पाल, बाल कल्याण समिति सदस्य ऊषा कुमारी, चाइल्ड हेल्पलाइन एवं अन्य कर्मीगण उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट