पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने नई सरकार को लेकर आज गुरुवार को मीडिया के समक्ष खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने सम्राट चौधरी को बड़ा भाई बताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और भरोसा जताया कि उनके नेतृत्व में बिहार विकास की नई राह पर आगे बढ़ेगा। निशांत कुमार ने कहा कि सम्राट चौधरी उनके बड़े भाई जैसे हैं और उन्हें पूरी उम्मीद है कि वे राज्य को आगे ले जाएंगे। उन्होंने नए डिप्टी सीएम विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव को भी बधाई दी। साथ ही यह भी कहा कि एनडीए सरकार को उनके पिता नीतीश कुमार का मार्गदर्शन मिलता रहेगा जिससे शासन को स्थिरता और दिशा मिलेगी। मीडिया से बातचीत में निशांत कुमार ने कहा, ‘मैं हमारे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जो कि मेरे बड़े भाई हैं उन्हें बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। हमारे जो उपमुख्यमंत्री बने बिजेंद्र यादव और विजय चौधरी अंकल हैं, उनको भी मैं बहुत-बहुत शुभकामना देता हूं’।
दरअसल, आज दोपहर में निशांत कुमार पहली बार जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में नई सरकार के नेतृत्व को लेकर खुलकर समर्थन जताया। इसके साथ ही निशांत ने यह भी स्पष्ट किया कि अब वह जनता के बीच जाएंगे और पार्टी संगठन को मजबूत करने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इसके लिए निशांत की योजना पूरे बिहार का भ्रमण करने की है। निशांत ने बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से एक उम्मीद भी जताई। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि नई सरकार के नए मुखिया बिहार के विकास को नई राह दिखायेंगें। निशांत कुमार ने कहा कि वह अपने पिता के अधूरे सपनों को आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे। निशांत कुमार का यह बयान ऐसे समय आया है, जब नई सरकार के गठन के बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। सूत्रों के मुताबिक, सरकार गठन से पहले उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की संभावनाओं पर चर्चा हुई थी और 14 अप्रैल की दोपहर तक उन्हें इस पद के लिए मनाने की कोशिशें जारी रहीं। लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया।