पटना/बाढ़ : बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती बाढ़ प्रखंड कार्यालय के पास मलाही स्थित भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष शैलेंद्र प्रसाद ने की, जबकि मंच संचालन राजेश सिंह राजू ने किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बिहार प्रदेश भाजपा मंत्री धनराज शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल आयोजन संयोजक पंकज कुमार सिंह एवं सह-संयोजक सुनील पासवान के नेतृत्व में संपन्न हुआ। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि और जिलाध्यक्ष सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं द्वारा बाबा साहेब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धापूर्वक याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का सामूहिक संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि धनराज शर्मा ने बाबा साहेब के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉ. आंबेडकर एक महान विधिवेत्ता और समाज सुधारक थे, जिन्होंने भारतीय संविधान के माध्यम से देश को एकता के सूत्र में पिरोया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे दलित बस्तियों और छात्रावासों में जाकर बाबा साहेब की जीवनी का प्रचार-प्रसार करें और उनके संघर्षों से प्रेरणा लें।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान भाजपा के आगामी कार्यक्रमों की भी घोषणा की गई। सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए दलित बस्तियों में स्वच्छता अभियान चलाने और समरसता भोज आयोजित करने की रूपरेखा तय की गई, ताकि समाज के सभी वर्गों के बीच एकजुटता मजबूत हो सके। इस कार्यक्रम में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट