नवादा : जिले के हिसुआ विधायक द्वारा नरहट एसएफसी में पायी गयी अनियमितता की जांच जिला प्रबंधक, आपूर्ति पदाधिकारी व बीडीओ व थानाध्यक्ष की मौजूदगी में की गयी। जांच के क्रम में 51 किलोग्राम के बजाय क्रमशः 45 व 43 किलोग्राम खाद्यान्न पाये गये। मौके पर विधायक स्वयं मौजूद रहे। जांच प्रतिवेदन समाहर्ता को सौंपा जाएगा।
इस प्रकार यह सिद्ध हो गया कि प्रखंड के एसएफसी गोदाम से पीडीएस विक्रेताओं को डोर स्टेप डिलीवरी के माध्यम से 07 व 05 किलोग्राम खाद्यान्न की आपूर्ति कम की जा रही है। अब जब व्यापक पैमाने पर अनियमितता उजागर हुई तब सारे लोगों की निगाहें डीएम की अग्रेत्तर कार्रवाई पर टिक गई है। वैसे इसके पूर्व गोविंदपुर विधायक विनीता मेहता द्वारा गोविंदपुर गोदाम में व्यापक पैमाने पर अनियमितता पायी गयी थी लेकिन कार्रवाई शून्य रहा।
जानकारों का मानना है कि सारा खेल मिलर, जिला प्रबंधक व गोदाम प्रबंधक की मिलीभगत से जिले में किया जा रहा है। और तो और विद्यालयों में उसना चावल के बजाय अरवा चावल की आपूर्ति कर लाखों रुपए का वारा न्यारा किया जा रहा है।
बता दें विधायक रविवार को नरहट में आयोजित जिला पत्रकार सम्मेलन सह प्रतिभा सम्मान समारोह में भाग लेने आये थे। तब प्रखंड परिसर में मौजूद पीडीएस विक्रेताओं ने गोदाम से कम वजन खाद्यान्न उपलब्ध कराने की शिकायत की थी। शिकायत के आलोक में जांच में अनियमितता पाये जाने के बाद डीएम समेत तमाम अधिकारियों को सूचित कर गोदाम के पास जांच होने तक चौकीदारों की ड्यूटी लगवायी थी।
भईया जी की रिपोर्ट