नवादा : जिले के गोविंदपुर प्रखंड क्षेत्र के कमालपुर गांव के पास आज सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। मगध सेंट्रल स्कूल का एक वाहन अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में एक छात्रा की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दर्जनों बच्चे घायल हुए हैं।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के वक्त वाहन में करीब 25 बच्चे सवार थे। घटना के बाद चालक मौके से फरार होने में सफल रहा।
खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने जब बच्चों की चीख-पुकार सुनी, तो वे तुरंत बचाव के लिए दौड़े। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बच्चों को वाहन से बाहर निकाला। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के घंटों बाद भी एम्बुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। प्रशासन की इस लापरवाही के बाद ग्रामीणों ने साहस दिखाया और अपनी मोटरसाइकिलों पर लादकर घायल बच्चों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
हादसे में घायल स्कूली छात्रा आयुषी की इलाज के दौरान मौत हो गई। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों के अनुसार, भर्ती किए गए अन्य सभी बच्चे फिलहाल खतरे से बाहर हैं और उनका उचित उपचार किया जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने चालक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि चालक नशे की हालत में था, जिसके कारण उसने इतने बच्चों की जान जोखिम में डाल दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।
भईया जी की रिपोर्ट