नवादा : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश के आलोक में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार श्री आशुतोष कुमार झा के मार्गदर्शन में दिनांक 09 मई 2026 को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता सुनिश्चित करने हेतु सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के प्रकोष्ठ में नवादा न्यायमंडल के न्यायिक पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सभी प्रकार के सुलहनीय अपराधिक वादों की न्यायालयवार समीक्षा की गई। न्यायिक पदाधिकारियों द्वारा अपने-अपने न्यायालयों में लंबित वादों की जानकारी दी गई तथा निष्पादन हेतु चिन्हित मामलों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में निर्देश दिया गया कि मापतौल, श्रम एवं वन वादों सहित अन्य सुलहनीय मामलों में चिन्हित वादों के पक्षकारों को सुलहनामा हेतु नोटिस निर्गत किया जाए। साथ ही, पूर्व बैठक (प्री-सीटिंग) के माध्यम से सुलहनीय अपराधिक वादों में काउंसिलिंग कर सुलह के आधार पर मामलों का निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
यह भी निर्देशित किया गया कि जिन वादों में पूर्व से सुलहनामा आवेदन अभिलेख पर उपलब्ध है या दाखिल किया जा चुका है, उन मामलों में पक्षकारों को प्रभावी सूचना निर्गत करना सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिकाधिक मामलों का निष्पादन राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान किया जा सके। बैठक में मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी सहित अपर मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारीगण एवं न्यायिक दण्डाधिकारी, प्रथम श्रेणी के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी न्यायिक पदाधिकारियों को अधिक से अधिक सुलहनीय वादों के निष्पादन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 09 मई 2026 को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में सभी प्रकार के सुलहनीय अपराधिक मामले, मापतौल, श्रम वाद, वन वाद, मोटर दुर्घटना दावा वाद, वैवाहिक वाद (तलाक को छोड़कर), बैंक ऋण, टेलीफोन वाद, बिजली विपत्र (चोरी से संबंधित मामलों को छोड़कर) तथा अन्य सुलहनीय मामलों का निष्पादन किया जाएगा।
भईया जी की रिपोर्ट