पटना/वैशाली : वैशाली जिले के महुआ प्रखंड स्थित गांधी मैदान में कला-संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय “महुआ महोत्सव” का शुभारंभ हर्षोल्लास के साथ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन पीएचईडी मंत्री संजय सिंह, पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग, सभापति नवीनचंद्र भारती तथा उपसभापति रोमी यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। महोत्सव के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का भी उद्घाटन मंत्री एवं अन्य अधिकारियों ने किया। कार्यक्रम में एसडीओ विवेकचन्द्र पटेल, एसडीपीओ संजीव कुमार, सीडीपीओ मीनाक्षी कुमारी एवं बीडीओ सौरभ कुमार वर्णवाल सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत बुके एवं शॉल भेंट कर किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री संजय सिंह ने कहा कि महुआवासियों के स्नेह और प्रेम के कारण उन्हें इस महोत्सव में शामिल होने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि महुआ की मिट्टी की खुशबू पूरे प्रदेश में फैलेगी। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि चुनाव से पहले किया गया वादा जल्द पूरा होगा और महुआ को रेलवे लाइन से जोड़ने का सपना शीघ्र साकार किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों से सामाजिक विकास को बढ़ावा मिलता है और लोगों में कला एवं संस्कृति के प्रति रुचि बढ़ती है। उन्होंने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए महुआवासियों को बधाई दी।
महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ज्ञान ज्योति स्कूल, सिंघारा के छात्रों ने “बिहार दर्शन” पर आधारित नृत्य प्रस्तुत किया। राजकीयकृत गांधी विद्या मंदिर, तिसिऔता के छात्र-छात्राओं ने लोक संस्कृति के पारंपरिक “जट-जटिन” नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। इसके अलावा अरुण कुमार उर्फ बलराम यादव, सपना राज (भगवानपुर), उपेंद्र सिंह (महुआ) और उमेश राम (मुरौवतपुर, देसरी) ने अपने गीतों से समां बांधा। राधा सिन्हा ग्रुप ने “शिव तांडव” और “पार्वती विवाह” की प्रस्तुति दी। वहीं ऋचा चौबे, रितिका राज एवं विशाल सोनी ने अपनी मधुर आवाज से पूरे वातावरण को संगीतमय बना दिया। महोत्सव में बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने कलाकारों का तालियों से उत्साहवर्धन किया और आयोजन की सराहना की।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट