– मनाही के बावजूद दफादारों -चौकीदारों को अनधिकृत क्षेत्रों में लगायी जा रही ड्यूटी
नवादा : आमतौर पर पुलिस को अनुशासन व नियम कानून का पालन कराने वालों की श्रेणी में माना जाता है। लेकिन इधर कुछ दिनों से जिले में थानाध्यक्षों द्वारा नियम विरुद्ध कार्य करने की होड़ मची है। ऐसे थानेदारों पर कार्रवाई के बजाय पुलिस अधीक्षक की चुप्पी से इस प्रकार के कार्यों को बढ़ावा मिल रहा है जिससे अनुशासन भंग हो रहा है।
ताज़ा मामला रजौली थाना का है। वर्तमान थानाध्यक्ष गृह विभाग व पुलिस महानिदेशक से भी अपने आपको उपर मानते हुए अपना कानून चला रहे हैं। गृह आरक्षी विभाग ने पत्रांक 9843 दिनांक 18/12/17 व पत्रांक 2918 दिनांक 20/03/20 के तहत दफादारों व चौकीदारों की ड्यूटी के लिए गाइडलाइन जारी किया है। अनुपालन की जिम्मेदारी आरक्षी अधीक्षक को सौंपी गई है। बावजूद रजौली थानाध्यक्ष रंजीत कुमार द्वारा उपरोक्त आदेशों की धज्जियां उड़ाते हुए अपना आदेश चला रहे हैं।
जाहिर है जब थानाध्यक्ष अपना आदेश चलायेंगे तब नाराजगी तो बढ़ेगी ही, सो दफादारों- चौकीदारों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। वैसे भी की ऐसे मामले सामने आये हैं जब चौकीदारों को कैदियों को न्यायालय भेजने या फिर बीमार कैदियों की अस्पताल सुरक्षा में लगाये गये चौकीदारों को चकमा देकर कैदी फरार होने में सफल रहा है। बावजूद पुलिस की चेतना नहीं जागी और चौकीदारों को वही कार्य सौंपा जा रहा है जिसकी अनुमति गृह विभाग नहीं देती। अब गेंद एकबार फिर पुलिस कप्तान के पाले में है वे स्वत: मामले की जांच कर गृह विभाग द्वारा जारी निर्देश का पालन कराना सुनिश्चित करें?
भईया जी की रिपोर्ट