सारण में विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डोरीगंज थाने के एक दरोगा को केस डायरी में मदद करने और नाम हटाने के नाम पर 9 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। डोरीगंज थाने में तैनात दरोगा मोहित मोहन को विजिलेंस की टीम ने घूस लेते हुए पकड़ा है। दरअसल थाने में मारपीट का एक मामला दर्ज था। इस केस में एक व्यक्ति का नाम हटाने और पुलिस डायरी में उसकी मदद करने के बदले दरोगा मोहित मोहन पैसों की मांग कर रहे थे। पहले बात 10 हजार की हुई थी, लेकिन बाद में सौदा 9 हजार रुपये में पक्का हुआ। पीड़ित शख्स घूस नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने चुपके से इसकी जानकारी पटना विजिलेंस टीम को दे दी। नतीजा, महज 9 हजार रुपये की रिश्वत के चक्कर में दरोगा जी अब सलाखों के पीछे पहुंच गए।
विजिलेंस ने कैसे बिछाया जाल?
इस मामले में निगरानी विभाग ने 7 अप्रैल को ही दारोगा के खिलाफ शिकायत की प्राथमिकी दर्ज की थी। इस मामले में परिवादी मनु कुमार साह, ग्राम रसुलपुर ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी ने डोरीगंज थाना कांड सं0-123/26 कांड की दैनिकी में मदद करने के एवज में रिश्वत की मांग की है। रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद इस कारर्वाई की योजना बनाई। इसके बाद अनुसंधानकर्ता वसीम फिरोज, पुलिस उपाधीक्षक, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया, जिसने कारर्वाई को अंजाम दिया।
पीड़ित से शिकायत मिलते ही विजिलेंस ने पहले आरोपों की सत्यता की जांच करवाई। जब आरोप सही पाए गए तब निगरानी विभाग की एक टीम ने जाल बिछाया। टीम के सदस्य डोरीगंज में सादे कपड़ों में दरोगा के घर के पास तैनात हो गए। जैसे ही पीड़ित ने दरोगा को 9 हजार रुपये दिए, तभी मौके पर मौजूद विजिलेंस की टीम ने उन्हें दबोच लिया। दरोगा जी को संभलने का मौका तक नहीं मिला और टीम ने उनके पास से रिश्वत के पैसे भी बरामद कर लिए। दरोगा मोहित मोहन 2018 बैच के अफसर हैं। उनकी गिरफ्तारी की खबर जैसे ही छपरा में फैली, पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। विजिलेंस के डीएसपी वसीम अहमद ने बताया कि दरोगा को गिरफ्तार करने के बाद टीम उन्हें पटना ले गई है, जहां उनसे आगे की पूछताछ की जाएगी और कानूनी कार्रवाई होगी। भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस की इस बड़ी कार्रवाई की लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि ऐसे अधिकारियों की वजह से ही पूरी पुलिस की छवि खराब होती है।