नवादा : जिले के रोह थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। निजी क्लीनिक में इलाज के दौरान प्रसूता सुंदरा गाँव निवासी संजय यादव की बेटी प्रीति कुमारी और उसके नवजात की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि पिछले चार दिनों से क्लीनिक में इलाज चल रहा था, लेकिन क्लीनिक संचालक अनीता देवी की लापरवाही और गलत ऑपरेशन के कारण मां और बच्चे दोनों की जान चली गई।
मौत की खबर मिलते ही परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। उन्होंने क्लीनिक पर “झोलाछाप” तरीके से इलाज करने का आरोप लगाते हुए मुख्य द्वार को घेर लिया और न्याय की मांग को लेकर नारेबाजी की। हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और आक्रोशित लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग की ढिलाई के कारण अवैध क्लीनिकों और झोलाछाप डॉक्टरों के मकड़जाल फल-फूल रहे हैं, और आए दिन मासूम लोगों की जान से खिलवाड़ होता है। परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि उक्त क्लीनिक को तुरंत सील किया जाए और संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में किसी और की जान न जाए।
भईया जी की रिपोर्ट