पटना/बाढ़ : पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल क्षेत्र में जमीनी विवाद ने मंगलवार को भयावह रूप ले लिया। मोकामा और अथमलगोला थाना क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की हत्या कर दी गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। एक ही दिन दो हत्याओं की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पहली घटना मोकामा थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-22, साहवेगपुर मोहल्ले की है, जहां जमीन पर लगी फसल की कटाई को लेकर दो सगे भाइयों के परिवारों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट के दौरान कुदाल से हमला कर राजीव नामक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। इस घटना में आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार चार कट्ठा जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
दूसरी घटना अथमलगोला थाना क्षेत्र के मेउरा गांव की है, जहां 35 वर्षीय विकलांग महिला मीना देवी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में मृतका के भैंसुर श्लोक यादव उर्फ पप्पू यादव और उनके पुत्र सूर्यभूषण यादव पर हत्या का आरोप लगा है। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों आरोपियों ने सुबह घर से बाहर निकलते ही महिला को गोली मार दी और फरार हो गए।
बताया जाता है कि मृतका का पति भी विकलांग है और समोसा-चाट बेचकर परिवार का भरण-पोषण करता है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार, एसडीपीओ-1 रामकृष्ण और एसडीपीओ-2 आयुष श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचने में देरी के आरोपों की भी जांच कराने की बात कही है।