नवादा : जिले की अकबरपुर पुलिस ने शराब माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर हनुमानगढ़ के समीप छापेमारी कर 45 लीटर देशी महुआ शराब और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। हालांकि, पुलिस को देखते ही शराब कारोबारी मौके से भागने में सफल रहा।
थानाध्यक्ष रुपेश कुमार सिन्हा ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक बाइक पर बोरे में शराब लादकर जंगल के रास्ते पचरुखी की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही गश्त कर रहे अधिकारियों और पुलिस बल को तत्काल घेराबंदी का निर्देश दिया गया। हनुमानगढ़ के पास पुलिस बल ने जाल बिछाया।
जैसे ही मोटरसाइकिल सवार युवक वहां पहुंचा, उसकी नजर पुलिस पर पड़ गई। पकड़े जाने के डर से वह अपनी बाइक और शराब वहीं छोड़कर घने इलाके का फायदा उठाकर भाग निकला। पुलिस ने जब बाइक की तलाशी ली, तो उससे 45 लीटर देशी महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस ने उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है।
थानाध्यक्ष ने कहा कि फरार कारोबारी की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस इलाके में अवैध शराब के परिवहन को रोकने के लिए लगातार सघन जांच अभियान चला रही है।
भईया जी की रिपोर्ट