मुजफ्फरपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां सकरा थाना क्षेत्र में एक महिला पर अपने ही पति को जहर देकर मार डालने का आरोप लगा है। इतना ही नहीं, पत्नी ने पति की मौत के बाद उसके शव को भी घर में ही जलाकर ठिकाने लगाने की कोशिश भी की। मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उसने पहले ज़हर देकर अपने पति की हत्या की और फिर सबूत मिटाने के लिए उसे घर में जलाने की कोशिश की। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और सकरा पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई है। वारदात को सकरा थाना क्षेत्र के केशोपुर पंचायत के वार्ड नंबर 5 स्थित एक घर में बीते दिन की शाम को अंजाम दिया गया।
मुजफ्फरपुर के सकरा की घटना
मिली जानकारी के अनुसार सकरा थाना क्षेत्र के केशोपुर गांव के वार्ड संख्या 5 स्थित एक घर में बीते दिन 32 वर्षीय अंशु कुमार की मौत होने की खबर सामने आई। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह अपने घर के कमरे में था। परिजनों के अनुसार कमरे से अचानक धुआं निकलता देख घर के लोगों को शक हुआ। जब दरवाजा खोला गया तो अंदर बिस्तर और अन्य सामान जले हुए मिले, जबकि अंशु अचेत अवस्था में पड़ा था। उसे तुरंत बाहर निकालकर इलाज के लिए नजदीकी निजी नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया। बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि अंशू ने घर बनवाने के लिए लोन लिया था और किश्त नहीं जमा करने के कारण उसे बैंक से नोटिस भी मिला था। इसको लेकर उसकी अपनी पत्नी के साथ अक्सर विवाद होता रहता था। अंशु की शादी वर्ष 2021 में हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे भी हैं।
परिजनों ने धुआं देख मचाया शोर
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि युवक की मौत ज़हर खाने से हुई है। साथ ही घटनास्थल से मिले साक्ष्यों से यह भी संकेत मिलता है कि उसे जलाने की कोशिश की गई थी। एफएसएल टीम ने मौके से सैंपल एकत्र किए हैं और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। बताया जाता है कि युवक को पहले जहर खिलाकर मार डाला गया, और फिर उसके कमरे में आग लगा दी गई। बिस्तर और अन्य सामान जल गए थे, लेकिन युवक का शरीर पूरी तरह नहीं झुलस पाया था। मृतक के भाई और अन्य परिजनों तथा ग्रामीणों ने अंशु की पत्नी स्विटी को इस पूरी घटना के लिए जिम्मेवार ठहराया। फिलहाल पुलिस ने अंशू की पत्नी स्विटी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। मृतक के भाई उदय कुमार सिंह और अन्य परिजनों ने अंशु की पत्नी स्वीटी भारती पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पत्नी को हिरासत में ले लिया है और साथ ही परिवार के अन्य सदस्यों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।