पटना : बाढ़ अनुमंडल क्षेत्र में स्थित एनटीपीसी डैम के पास अवैध रूप से फेन छानने वाले अपराधियों के खिलाफ पटना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 16 बोरा फेन, एक राइफल, एक देशी कट्टा तथा 31 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (बाढ़-01) रामकृष्ण ने बताया कि पंडारक थाना को सूचना मिली थी कि एनटीपीसी परियोजना के सरहन स्थित डैम से निकलने वाले फेन को लेकर अवैध गतिविधियां चल रही हैं और वर्चस्व को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। पुलिस को देखते ही अपराधी वाहन से भागने लगे, लेकिन कार्रवाई के दौरान सुनील कुमार नामक एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के पास से 315 बोर की एक राइफल, एक देशी कट्टा और 31 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा स्कॉर्पियो वाहन, मोबाइल फोन और अन्य सामान भी जब्त किया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अभियुक्त अपने सहयोगियों के साथ मिलकर अवैध हथियारों के बल पर इलाके में भय का माहौल बनाकर फेन छानने का अवैध कारोबार चला रहा था। पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट