नवादा : रजौली में अपराधियों के मंसूबे मासूमों पर भारी पड़ रहे हैं। भावा बिगहा गांव के श्याम सुंदर सिंह के मकान में हुए जोरदार बम विस्फोट ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना में एक बालक लहूलुहान हो गया, जिसके बाद सक्रिय हुई पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, विस्फोट श्याम सुंदर सिंह के मकान में हुआ। धमाका इतना जोरदार था कि इसकी आवाज दूर तक सुनी गई। इस घटना में दीपक कुमार का पुत्र युवराज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में इलाज के लिए रजौली अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ चिकित्सक उसकी देखरेख कर रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही रजौली थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और घटनास्थल से दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान उमा सिंह और सुंदर सिंह के रूप में की गई है। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और दोनों आरोपियों से सघन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि रिहायशी मकान में बम कहाँ से आया और इसे किस उद्देश्य से रखा गया था। थानाध्यक्ष का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।
भईया जी की रिपोर्ट