पटना एयरपोर्ट पर आज शुक्रवार को सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री के बैग से 3 जिंदा कारतूस बदामद किये गए जिसके बाद वहां हड़कंप मच गया। यात्री का नाम सैयद मोहसिन अली बताया जाता है और वह पटना से दिल्ली जा रहा था। चेकिंग के दौरान जब CISF के जवानों ने उसके बैग की स्कैनिंग की, तो उसमें संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। जांच करने पर उसके बैग से तीन गोलियां बरामद की गईं। इसके बाद मौके पर मौजूद सुरक्षा अधिकारियों ने तुरंत यात्री को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसकी पहचान सैयद मोहसिन अली के रूप में हुई है और वह पटना के ही फुलवारीशरीफ इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। मोहसिन अली एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI-1892 से दिल्ली जाने वाला था। सीआईएसएफ ने यात्री को आगे की कार्रवाई के लिए एयरपोर्ट थाना पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यात्री के पास ये कारतूस कैसे पहुंचे।
दिल्ली जाने की तैयारी में था यात्री
जानकारी के अनुसार यह यात्री पटना से दिल्ली जाने की तैयारी में था और एयर इंडिया की फ्लाइट AI-1892 से यात्रा करने वाला था। नियमित सुरक्षा जांच के दौरान जब सीआईएसएफ जवानों ने उसके बैग को स्कैन किया, तो एक्स-रे मशीन में संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। इसके बाद बैग की मैन्युअल जांच की गई जिसमें तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। कारतूस मिलते ही सुरक्षा अधिकारियों ने बिना देर किए यात्री को रोक लिया और उससे पूछताछ शुरू कर दी। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यात्री मोहसिन अली के पास ये कारतूस कैसे पहुंचे और वह इन्हें अपने साथ लेकर यात्रा क्यों कर रहा था। सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच कर रही हैं। फिलहाल एयरपोर्ट थाना पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर विस्तृत पूछताछ शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि पुलिस मोहसिन अली के आपराधिक रिकॉर्ड और पृष्ठभूमि की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं वह किसी आपराधिक गतिविधि से जुड़ा तो नहीं है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कारतूस लाइसेंसी हथियार से संबंधित हैं या नहीं। एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। एयरपोर्ट पर हर यात्री और उसके सामान की सघन जांच की जाती है ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु को समय रहते पकड़ा जा सके। इसी सतर्कता के कारण यह मामला सामने आया और एक संभावित खतरे को टाल दिया गया। इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चौकस है।