मोतिहारी में जहरीली शराब पीने से अब तक कुल 4 लोगों की मौत हो जाने की खबर है। जबकि 15 लोगों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। कई मरीजों की आंखों की रोशनी चली गई है। घटना मोतिहारी के दो थाना क्षेत्रों रघुनाथपुर ओपी और तुरकौलिया से जुड़ा है। बताया जाता है कि रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के बालगंगा गांव में स्प्रिट (जहरीली शराब) पीने से बीते बुधवार के दिन एक व्यक्ति की संदिग्ध मौत हो गई, जबकि कई लोग बीमार पड़ गए। इसके बाद कल गुरुवार और आज शुक्रवार को भी बीमार 3 अन्य लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक और अधिकतर बीमार लोग तुरकौलिया थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जाते हैं। पुलिस ने पहले इसे संदिग्ध मौत मानकर लोगों के जहरीली दारू से मौत के दावों को झुठला दिया था। अब इसी जहरीली शराब कांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मामले में चौकीदार भरत रॉय को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, लापरवाही के आरोप में तुरकौलिया थाना के SHO उमाशंकर मांझी को निलंबित कर दिया गया है।
रघुनाथपुर और तुरकौलिया की घटना
जानकारी के अनुसार इस केस में रघुनाथपुर थाने में भी हत्या का एक मुकदमा दर्ज किया गया है। यह प्राथमिकी हीरालाल भगत के परिजनों के आवेदन के आधार पर दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में लगातार कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई है।
बताया जाता है कि रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के बालगंगा गांव में स्प्रिट (जहरीली शराब) पीने से बीते बुधवार के दिन एक व्यक्ति की संदिग्ध मौत हो गई, जबकि कई लोग बीमार पड़ गए। मृतक तुरकौलिया थाना क्षेत्र के जयसिंहपुर पंचायत निवासी चंदू बताया जाता है जो पेशे से टेम्पू चालक था। इसके बाद गुरुवार को दो अन्य लोगों प्रमोद यादव और हीरालाल भगत की मौत एक निजी क्लिनिक में होने की सूचना मिली। इसबीच आज शुक्रवार की सुबह भी एक अधेड़ व्यक्ति की मोतिहारी सदर अस्पताल में मौत हो गई। आज के मृतक की पहचान परसौना दलित बस्ती निवासी परीक्षण मांझी के रूप में की गई है।
कई बीमार, आंखों की रोशनी चली गई
मृतकों के परिजनों का कहना है कि इन सभी ने शराब पी थी, जिसके बाद तबीयत बिगड़ने लगी और मौत हो गई। हालांकि पुलिस इन मौतों को शुरू में संदिग्ध मानकर ही जांच कर रही थी। लेकिन अब जांच नए सिरे से शुरू की गई है। अब तक जहरीली शराब पीकर बीमार पड़े लोगों की कुल संख्या 15 बताई जाती है। इन सभी लोगों ने रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के बालगंगा गांव में जहरीली स्प्रिट का सेवन किया था। इनमें कई लोगों की आंखों की रोशनी चले जाने की खबर है जिसके बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। अभी भी कई लोग ऐसे हैं जो चोरी-चुपके इलाज करा रहे हैं। बताया जा रहा है कि गांव के कुछ लोगों ने शराब समझकर स्प्रिट का सेवन कर लिया। सेवन के कुछ ही देर बाद सभी की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों ने उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान अबतक 4 लोगों की मौत हो चुकी है। डॉक्टरों के अनुसार, इस जहरीली शराब के सेवन से पहले आंखों की रोशनी प्रभावित होती है। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है।
इलाके में दहशत और डर का माहौल
घटना के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब और स्प्रिट का कारोबार चल रहा है, लेकिन इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। साथ ही अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर राज्य में लागू शराबबंदी कानून और उसकी प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।