मुजफ्फरपुर के मीनापुर में बीती रात बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दो बुजुर्गों को गोली मार दी। इनमें से एक बुजुर्ग दीप लाल साह की मौत हो गई, जबकि दूसरे व्यक्ति भोला सिंह को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां उनकी भी हालत नाजुक बताई जाती है। पुलिस सीसीटीवी और एफएसएल की मदद से बदमाशों की तलाश में जुटी है। गांगी छपरा गांव के रहने वाले दीपलाल साह मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए जाते हैं और वारदात के वक्त वे सड़क पर मौजूद थे जिस दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग की चपेत में आ गए और मारे गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि दीपलाल के परिवार में कोई नहीं है और वह भिक्षाटन कर जीवन गुजार रहे थे। वहीं जख्मी दूसरे बुजुर्ग भोला सिंह का बयान लेने की कोशिश पुलिस कर रही है, जिसके बाद घटना की वजह साफ हो सकेगी।
सीसीटीवी की मदद से जांच में जुटी पुलिस
बताया गया कि जख्मी बुजुर्ग भोला सिंह भी दीपलाल साह के गांव का ही रहने वाला है। स्थानीय लोगों ने बताया कि अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट सुनाई दी, जिससे पूरा इलाका दहल गया। मौके पर पहुंची मीनापुर थाना पुलिस ने घटनास्थल से खोखे बरामद किए हैं। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बदमाश दो से तीन की संख्या में थे। अब पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी की मदद से हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। अभी तक इस घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। जबकि बताया जा रहा है कि मृतक दीप लाल साह के मानसिक रूप से विक्षिप्त होने के कारण उसके किसी भी तरह के विवाद में शामिल होने की संभावना न के बराबर है।
फिलहाल पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। वहीं, FSL की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है ताकि वैज्ञानिक तरीके से सबूत जुटाए जा सकें। इस घटना से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। इस पूरे मामले में इलाके के लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि बदमाशों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाए। मीनापुर थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी दिशाओं में जांच की जा रही है। मामले में तकनीकी और मानवीय स्रोतों का इस्तेमाल कर अपराधियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।