– विधायक अनंत सिंह की पहल पर बिहार केसरी विवेका पहलवान की पुण्यतिथि पर होगा आयोजन
पटना/बाढ़: मोकामा विधायक अनंत कुमार सिंह द्वारा अपने पैतृक गांव नदावां में 3 अप्रैल को बिहार केसरी विवेका पहलवान की प्रथम पुण्यतिथि पर अंतर्राष्ट्रीय स्तर का कुश्ती महादंगल आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर क्षेत्र में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं और भारी भीड़ जुटने की संभावना जताई जा रही है।
विधायक अनंत सिंह ने बताया कि इस महादंगल में देश-विदेश के नामचीन पहलवान हिस्सा लेंगे। आयोजन स्थल पर दर्शकों के लिए भोजन, पानी सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। उन्होंने दावा किया कि कार्यक्रम में करीब 10 लाख लोगों के जुटने की संभावना है, जो इसे राज्य का अब तक का सबसे बड़ा कुश्ती आयोजन बना सकता है। कार्यक्रम को लेकर उन्होंने पूर्व में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह से मुलाकात भी की थी।
वहीं, स्व. विवेका पहलवान के भाई अरविंद पहलवान ने बताया कि यह आयोजन उनके बड़े भाई की स्मृति में किया जा रहा है, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर पहलवानी में पहचान बनाई थी। महादंगल के लिए अखाड़े की तैयारी पिछले एक सप्ताह से चल रही है, जिसमें लाल मिट्टी, हल्दी, नीम और तेल का उपयोग कर पारंपरिक तरीके से मैदान तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में ईरान, जॉर्जिया, जम्मू-कश्मीर और दिल्ली सहित देश-विदेश के कई पहलवानों के भाग लेने की संभावना है। इस आयोजन को लेकर बाढ़-मोकामा सहित पूरे बिहार में चर्चा तेज है। 3 अप्रैल को नदावां गांव मीडिया और दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनने की उम्मीद है।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट