पटना/बाढ़: पटना जिला के बाढ़ सदर बाजार स्थित सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय में तीन दिवसीय आचार्य कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन शिक्षाविद मनोज कुमार, प्रधानाचार्य अजय कुमार, विद्यालय समिति के सदस्य सूरज देव प्रसाद एवं संजीत कुमार गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत पुष्प अर्चन के साथ हुई। इस अवसर पर शिक्षाविद मनोज कुमार ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं न केवल विद्यार्थियों (भैया-बहनों) बल्कि आचार्य बंधु-भगिनी के सर्वांगीण विकास में भी सहायक होती हैं। उन्होंने शिक्षकों को निरंतर सीखने और स्वयं को अद्यतन रखने पर बल दिया।
विद्यालय समिति के सूरज देव प्रसाद ने आचार्य बंधु-भगिनी को अभिभावकों से नियमित संपर्क बनाए रखने की सलाह दी और इसकी महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं, संजीत कुमार गुप्ता ने सभी शिक्षकों को पूरे मनोयोग और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यशाला में आचार्य बंधु-भगिनी रंजीत कुमार, राजू कुमार श्रीवास्तव, अनिल कुमार सागर, उषा कुमारी और विभा कुमारी सहित विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं (भैया-बहनें) उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों के कौशल विकास एवं शैक्षणिक गुणवत्ता को सुदृढ़ करना है।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट