मुजफ्फरपुर । बिहार की शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला मुजफ्फरपुर जिले के कटरा प्रखंड से सामने आया है। यहाँ उच्च माध्यमिक विद्यालय, गंजुआर पश्चिम में तैनात एक कंप्यूटर शिक्षक प्रीतम कुमार (TRE-01) पर छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार और स्कूल अवधि में आपत्तिजनक गतिविधियाँ करने के सनसनीखेज आरोप लगाते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी को एक लिखित शिकायत सौपी गई हैं। इस खुलासे के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी आक्रोश है।
ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षक क्लास में पढ़ाने के बजाय अपने मोबाइल पर अश्लील कंटेंट देखता रहता है।और छात्राओं को भी ऐसी सामग्री देखने के लिए उकसाता है। शिकायत के अनुसार, कक्षा 9वीं से 12वीं तक की छात्राओं के साथ शिक्षक का व्यवहार अत्यंत अनुचित है। शिक्षक की इन हरकतों के कारण स्कूल का शैक्षणिक माहौल पूरी तरह दूषित हो चुका है। डर और असुरक्षा के माहौल के कारण कई अभिभावकों ने अपनी बेटियों को स्कूल भेजना बंद कर दिया है। ग्रामीणों का यह भी दावा है कि इस संबंध में पहले भी प्रधानाध्यापक और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को सूचित किया गया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
अब ग्रामीणों ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि आरोपी शिक्षक का तुरंत तबादला और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं हुई, तो वे स्कूल में तालाबंदी करेंगे और जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना देंगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग ने आरोपी शिक्षक प्रीतम कुमार के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। शिक्षक को एक सप्ताह के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है। यदि जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया, तो निलंबन समेत कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।