-परिवार में मचा कोहराम
नवादा : जिले के रोह थाना क्षेत्र में छठ पर्व की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गयीं, जब छठ घाट से लौट रहे एक व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत हो गयी। घटना छनौन मोड़ के पास हुई। मृतक की पहचान कलौंदिया गांव निवासी 35 वर्षीय जयराम चौहान के रूप में हुई है। बताया जाता है कि जयराम चौहान अपनी पत्नी और परिवार के साथ छठ पूजा संपन्न कर घर लौट रहे थे।
घर से करीब 500 मीटर पहले ही अज्ञात वाहन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में जयराम चौहान गंभीर रूप से घायल हो गये। स्थानीय लोगों और पुलिस की सहायता से उन्हें तत्काल रोह अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि जयराम की पत्नी ने पूरे परिवार की सुख-समृद्धि के लिए छठ व्रत रखा था। इसी दौरान पति की मौत की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और एक बेटी छोड़ गये हैं। सूचना मिलने पर नगर थानाध्यक्ष उमाशंकर सिंह मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
भईया जी की रिपोर्ट