– कृषि मंत्री भी मौके पर रहे मौजूद
नवादा : जिले के पूर्व राज्यमंत्री राजवल्लभ यादव सह सदर विधायक विधायक विभा देवी के कनिष्ठ सुपुत्र अखिलेश यादव की वाहन दुर्घटना में मौत के बाद मातमपुर्सी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंत्री से लेकर पक्ष विपक्ष के सांसदों -विधायकों व विधान परिषद सदस्यों के आने का सिलसिला जारी है।इसी कड़ी में राज्य के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव व जदयू विधायक अनंत सिंह पथरा इंग्लिश गांव पहुंचे। उन्होंने पूर्व मंत्री के साथ विधायक व विधान परिषद सदस्य अशोक यादव से मुलाकात कर मौत पर दु:ख व्यक्त करते हुए सांत्वना दी।
मंत्री व विधायक ने धर्मशिला निजी अस्पताल पर लगाये गये आरोप की निष्पक्ष जांच का आश्वासन देते हुए कहा कि मामले को मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जायेगा ताकि दोषियों को सजा मिल सके। मंत्री व विधायक ने स्व. अखिलेश की स्मृति में नवादा में अस्पताल का निर्माण कराये जाने की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि इसके लिए अपने स्तर से हर संभव मदद उपलब्ध करायी जायेगी ताकि निर्माण कार्य जल्द आरंभ किया जा सके। विधायक अनंत को एक नज़र देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ऐसे में सुरक्षाकर्मियों को कमान संभालनी पड़ी।
भईया जी की रिपोर्ट