नवादा : जिले में हाथियों का आतंक जारी है। बीती रात रजौली के जंगली क्षेत्र में हाथियों के झुंड ने एक व्यक्ति को कुचलकर मार डाला। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक जंगल के पास मौजूद था तभी हाथियों का झुंड अचानक पहुंच गया। बचने का मौका नहीं मिलने के कारण उसकी मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में काफी आक्रोश और भय देखा जा रहा है।
वन विभाग ने की घटना की पुष्टि
घटना की पुष्टि जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी श्रेष्ठ कृष्ण ने की है। उन्होंने बताया कि हाथियों के हमले में एक व्यक्ति की जान गई है। साथ ही दो भैंसों को भी हाथियों ने मार डाला। मृतक की पहचान सुअरलेटी गांव के बागड़ भूइयां के पुत्र सनोज भूइयां के रूप में हुई है।
वन विभाग की टीम लगातार इलाके में निगरानी कर रही है। अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने और जंगल की ओर न जाने की अपील की है। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए विशेष टीम लगाई गई है। उन्होंने बताया कि मृतक के आश्रितों को नियमानुसार मुआवजा राशि उपलब्ध करायी जायेगी। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
भईया जी की रिपोर्ट