नवादा : जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में कार्यालय कक्ष में समाज कल्याण विभाग से संबंधित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वप्रथम जिले में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना एवं पोषण ट्रैकर की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने डीपीओ, आईसीडीएस एवं सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों को आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना की समीक्षा के दौरान प्रगति संतोषजनक पाई गई, किंतु लक्ष्य के अनुरूप नहीं होने पर इसे गति देने का निर्देश दिया गया। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में पूर्व की अपेक्षा सुधार पाया गया, तथापि लक्ष्य प्राप्ति हेतु अभियान मोड में एंट्री कराने का निर्देश जिलाधिकारी ने दिया। पोषण ट्रैकर के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों पर टीएचआर (THR) वितरण 81 प्रतिशत तथा एफआरएस एवं ई-केवाईसी 87 प्रतिशत पाया गया, जिसे शत-प्रतिशत करने का निर्देश दिया गया।
आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण की समीक्षा में बताया गया कि कुल 23 केंद्रों के निर्माण हेतु राशि प्राप्त है, जिनमें से कुछ स्थानों पर कार्य प्रारंभ हो चुका है। जिला पदाधिकारी ने निर्माण कार्य की प्रतिदिन समीक्षा करने का निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के सुदृढ़ संचालन एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सूचकांकों में अपेक्षित सुधार संभव है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके पश्चात सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा की गई। समीक्षा में पाया गया कि पेंशन एवं गैर-पेंशन योजनाओं में प्रगति में सुधार हुआ है, किंतु बीपीएल परिवारों से संबंधित योजनाओं में और तेजी लाने की आवश्यकता है।
इस संबंध में प्रभारी सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा को निर्देश दिया गया कि सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें। बैठक में जिला बाल संरक्षण इकाई एवं जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण कोषांग अंतर्गत संचालित परवरिश योजना, स्पॉन्सरशिप योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, संबल योजना एवं यूडीआईडी परियोजना की भी विस्तृत समीक्षा की गई। परवरिश योजना के अंतर्गत लाभुकों की संख्या बढ़ाने हेतु पंचायत एवं ग्राम स्तर पर सर्वेक्षण कर पात्र बच्चों के आवेदन सृजित करने का निर्देश दिया गया।
वृहद आश्रय गृह में आवासित बच्चों की भोजन, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं शिक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। बालिका गृह (यूनिट-2) को शीघ्र प्रारंभ करने हेतु अग्रेतर कार्रवाई करने तथा पर्यवेक्षण गृह में चिकित्सक एवं शिक्षक की ससमय प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। 20 मार्च 2026 को अंतर्देशीय दत्तक ग्रहण के अंतर्गत इटली के दंपति द्वारा गोद लिए गए बालक समीर कुमार के विभागीय दिशा-निर्देशानुसार नियमित फॉलोअप करने का भी निर्देश दिया गया। बैठक में सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग, डीपीओ (आईसीडीएस), एवं सहायक निदेशक दिव्यांगजन सशक्तीकरण कोषांग सहित उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट