अरवल – बिहार स्थापना दिवस के अवसर पर कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन, अरवल के संयुक्त तत्वावधान में इंडोर स्टेडियम, अरवल में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस एवं बीस सूत्री उपाध्यक्ष मिथिलेश कुमार के द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए बिहार के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं राज्य के सतत विकास की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि बिहार दिवस हम सभी के लिए गर्व का अवसर है, जो हमें अपने अतीत की विरासत को संजोते हुए उज्ज्वल भविष्य की दिशा में अग्रसर होने की प्रेरणा देता है। जिला पदाधिकारी ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि राज्य सरकार द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के सभी वर्गों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने जिलेवासियों से आह्वान किया कि वे विकास की इस यात्रा में सक्रिय सहभागिता निभाएं तथा बिहार को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाने में अपना योगदान दें।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें लोकनृत्य, गीत-संगीत एवं नाटक आदि शामिल थे। इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। इस अवसर पर जिले के वरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक गौरव एवं विकास के संकल्प के साथ किया गया।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट