नवादा : बिहार एसटीएफ वऔर जिला पुलिस की टीम ने पीएलएफआई के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी लंबे समय से इस संगठन से जुड़े थे और इलाके में नक्सली गतिविधियों को बढ़ाने की कोशिश कर रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ और जिला पुलिस ने साझा ऑपरेशन चलाया और छापेमारी कर दोनों को पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के दौरान क्या क्या मिला
गिरफ्तारी के दौरान भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद हुई। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो .315 राइफल, 20 जिंदा कारतूस, टेक्निकल गियर, डेटोनेटर और करीब 40 किलो से ज्यादा एक्सप्लोसिव जब्त किया है। इसके अलावा लगभग 100 मीटर कॉर्डेक्स वायर और अन्य सामान भी मिला है। पुलिस को शक है कि ये नक्सली किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने के फिराक में थे। दोनों गिरफ्तार सदस्यों की पहचान दयानंद राजवंशी और मिथलेश राजवंशी के रूप में हुई है।
प्रशासन ने दी चेतावनी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी थी।गिरफ्तार नक्सलियों से पूछताछ जारी है और उनके नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। इस बावत रजौली थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। बता दें इसके पूर्व एके 47 व दो रायफल कारतूस के साथ अजय यादव को गिरफ्तार किया जा चुका है।
भईया जी की रिपोर्ट