नवादा : जिले के रजौली थाना परिसर में ईद-उल-फितर के पावन अवसर पर सामाजिक समरसता और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से थानाध्यक्ष रणजीत कुमार के नेतृत्व में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें दोनों समुदायों के दर्जनों गणमान्य लोगों ने अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराते हुए क्षेत्र में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया।
बैठक के दौरान उपस्थित मो. शफीर उद्दीन, रजौली पश्चिमी पंचायत मुखिया प्रतिनिधि विनय कुमार सिंह, बजरंग दल संयोजक पिंटू कुमार वर्मा, मो. साबिक अशरफ, नवीन कंधवे, राजेश साव, निशांत कुमार, हरदिया पिंटू साव, आदिल हुसैन, मो. तनवीर आलम, राजा, मो. इरफान और शहनूर आलम समेत कई प्रबुद्ध नागरिकों ने एक स्वर में कहा कि ईद खुशियों और भाईचारे का प्रतीक है, जिसे सभी धर्मों के लोग मिलकर पारंपरिक उल्लास के साथ मनाएंगे।
इस दौरान प्रशासन ने साफ किया कि पर्व के दौरान हुड़दंगियों पर पैनी नजर रखी जाएगी और सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी, वहीं स्थानीय लोगों ने भी आश्वस्त किया कि वे आपसी प्रेम की मिसाल पेश करते हुए हर मोड़ पर पुलिस का सहयोग करेंगे। थानाध्यक्ष ने चर्चा को विस्तार देते हुए बताया कि बैठक में रामनवमी पर्व को लेकर भी प्राथमिक विमर्श किया गया, हालांकि इसके व्यापक प्रबंधन और रणनीति तय करने के लिए अगली विशेष बैठक जल्द बुलाई जाएगी ताकि प्रमुख त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।
भईया जी की रिपोर्ट