पटना : मोकामा से जद(यू) के विधायक अनंत कुमार सिंह उर्फ छोटे सरकार को दुलारचंद यादव हत्या कांड में पटना हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है। जमानत की खबर मिलते ही मोकामा और बाढ़ क्षेत्र में उनके समर्थकों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने सड़कों पर आतिशबाजी की और मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया।
जानकारी के अनुसार, हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद देर शाम तक कागजी प्रक्रिया पूरी की जाएगी और उम्मीद है कि शुक्रवार को अनंत सिंह जेल से रिहा हो जाएंगे। उनके घर और समर्थकों के बीच जश्न का माहौल बना हुआ है। स्थानीय समर्थकों का कहना है कि अनंत सिंह क्षेत्र में काफी लोकप्रिय नेता हैं और वे हमेशा न्यायपालिका का सम्मान करते हैं। समर्थकों ने उनकी जमानत को “न्याय की जीत” बताया है। कई जगहों पर लोगों ने अबीर-गुलाल लगाकर खुशी का इजहार किया। बताया जा रहा है कि उनकी रिहाई की तैयारी जोर-शोर से चल रही है और उनके स्वागत के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। यहां तक कि उनकी लग्जरी गाड़ी को भी तैयार किया जा रहा है, जिससे वे अपने आवास पहुंचेंगे।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला 30 अक्टूबर 2025 का है, जब मोकामा के घोसवरी थाना क्षेत्र के बसावनचक गांव के पास दुलारचंद यादव की हत्या हुई थी। इस मामले में अनंत कुमार सिंह को मुख्य आरोपी बनाया गया था। घटना के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर पटना के बेऊर जेल भेज दिया था।
हालांकि, जेल में रहते हुए भी अनंत सिंह ने चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। अब करीब साढ़े चार महीने बाद उन्हें हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है। इस घटनाक्रम के बाद एक बार फिर मोकामा की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और उनके समर्थक उनकी रिहाई का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट