नवादा : जिले की वारिसलीगंज थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई ग्राम बेगराजपुर पैन के पास छापेमारी कर की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके से पकड़ा तथा उनके पास से तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया। पूछताछ में गिरफ्तार अपराधियों ने स्वीकार किया कि वे बजाज फाइनेंस सहित अन्य कंपनियों के नाम पर लोन दिलाने का झांसा देकर ग्राहकों से ठगी किया करते थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान बेलधा निवासी सुदामा रावत के 22 वर्षीय पुत्र रोशन कुमार, चैनपुरा विजयनगर निवासी संजय रविदास के 21 वर्षीय पुत्र नीतीश कुमार तथा काशीचक थाना क्षेत्र के बजरंग बीघा निवासी अखिलेश रावत के 20 वर्षीय पुत्र दिलखुश कुमार के रूप में हुई है।पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया । थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी ने बताया कि साइबर अपराध के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
भईया जी की रिपोर्ट