पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘समृद्धि यात्रा’ के चौथे चरण का बिगुल बज गया है। 17 मार्च से 20 मार्च 2026 तक चलने वाली इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री राज्य के 8 जिलों का दौरा कर विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत परखेंगे। मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविन्द कुमार चौधरी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इस चार दिवसीय दौरे में मुख्यमंत्री न केवल नई परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे, बल्कि आम लोगों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनेंगे।
जारी शेड्यूल के अनुसार कब कहाँ होंगे मुख्यमंत्री
17 मार्च (मंगलवार) भागलपुर-बांका
18 मार्च (बुधवार) जमुई-नवादा
19 मार्च (गुरुवार) मुंगेर-लखीसराय
20 मार्च (शुक्रवार) गया-औरंगाबाद
सात निश्चय’ योजनाओं पर रहेगा विशेष फोकस
सरकारी निर्देश के अनुसार, इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य ‘सात निश्चय’ और अन्य महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण करना है। मुख्यमंत्री प्रत्येक जिले में जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इस दौरान संबंधित विभागों के अपर मुख्य सचिव और प्रधान सचिव भी मौके पर मौजूद रहेंगे ताकि किसी भी तकनीकी बाधा का ऑन-द-स्पॉट समाधान निकाला जा सके।
जनसंवाद से टटोलेंगे जनता की नब्ज
समृद्धि यात्रा का एक प्रमुख हिस्सा ‘जन संवाद’ कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री विकास कार्यों के निरीक्षण के साथ-साथ आम नागरिकों से मिलकर उनके सुझाव और शिकायतें सुनेंगे। सरकार का मानना है कि इस सीधे संवाद से योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता आएगी और फीडबैक के आधार पर भविष्य की रणनीतियां तय की जा सकेंगी। यात्रा को देखते हुए प्रमंडलीय आयुक्त, आईजी, डीएम और एसपी को सुरक्षा और व्यवस्था से जुड़े कड़े निर्देश दिए गए हैं। सभी जिलों के प्रभारी सचिवों को भी मुस्तैद रहने को कहा गया है ताकि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी हो सकें।