बिहार के शिवहर जिले के तरियानी थाना क्षेत्र अंतर्गत मुंगराहा गांव में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक आम के बगीचे के पास से 14 वर्षीय नाबालिग लड़की का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान मुंगराहा वार्ड नंबर 4 निवासी स्वर्गीय नंदन पासवान की पुत्री मुस्कान कुमारी के रूप में हुई है। मुस्कान 7 मार्च 2026 को दोपहर करीब 12 बजे सहेलियों (तनु, सविता और राधा) के साथ बगीचे में खेलने गई थी, जिसके बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई।
मृतक की मां, चंद्रमा देवी ने 10 मार्च 2026 को तरियानी थाना में अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया था। लापता होने के नौवें दिन आज यानि सोमवार को स्थानीय लोगों ने बगीचे के पास शव देखा, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ सुशील कुमार और थानाध्यक्ष विनय प्रसाद दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, शिवहर भेज दिया है।
पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।वहीं, शव मिलने के बाद से मुंगराहा गांव और आसपास के क्षेत्रों में मातमी सन्नाटा पसरा है, ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं और आक्रोश व्याप्त है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए सहेलियों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।